रांची , जुलाई 13 -- झारखंड की राजधानी रांची के सर्ड कार्यालय में पंचायती राज संस्थाओं एवं समुदाय आधारित संगठनों के बीच संस्थागत समन्वय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
दो दिवसीय कार्यशाला का उदघाटन राज्य की ग्रामीण विकास , ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया । इस कार्यशाला में उप विकास आयुक्त , प्रखंड विकास पदाधिकारी , मुखिया और एसएचजी से जुड़ी महिलाओं की भागीदारी रही।
मंत्री श्रीमती सिंह ने इस अवसर पर कहा कि बेहतर समन्वय से विकास को अधिक गति प्रदान की जा सकती है । समूह से जुड़ी महिलाओं की राज्य के विकास में बड़ी भूमिका है । उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पंचायत एवं गांव को आर्थिक और सामाजिक रूप से समृद्ध बनाना है । जिसमें आजीविका के साधन को बढ़ाना विभाग का लक्ष्य है ।
मंत्री श्रीमती सिंह ने कहा कि राज्य में पेसा नियमावली को प्रभावी तरीके से लागू करने की दिशा लगातार काम किया जा रहा है । ग्राम सभा के गठन में सहायक सचिव के पद पर महिलाओं को प्राथमिकता देना , उनकी भूमिका और भागीदारी को सुनिश्चित करना है । इस प्रयास का ही असर है कि आज राज्य भर में सहायक सचिव के पद पर महिलाओं का चयन किया गया है । जब हम समृद्ध झारखंड की परिकल्पना करते है तो ये महिलाओं के बगैर संभव होता हुआ नहीं दिखता है ।
उन्होंने कहा कि मनरेगा और एसएचजी से जुड़ी दीदियों के बीच बेहतर समन्वय का सफल उदाहरण बिरसा हरित ग्राम योजना है। इस तरह की दूसरी योजनाओं पर भी काम करने की आवश्यकता है।
मंत्री ने कहा कि चुनौतियां बहुत है क्रिस्प के द्वारा इसके निदान के लिए रिपोर्ट भी तैयार किया गया है। झारखंड की पहचान यहां के खनिज संपदाओं से जरूर है लेकिन इससे आगे की अपार संभावनाओं की ओर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है। राज्य के पर्यटन स्थल देश - विदेश के पर्यटन स्थल से कम आकर्षक और मनमोहक नहीं है । यहां समूह के आपसी समन्वय से रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकते है। संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सकता है। राज्य सरकार हर तरह के सहयोग के लिए हमेशा तैयार है । बस जरूरत बेहतर समन्वय के साथ सामूहिक पहकदमी लेने की है ।
इस मौके पर क्रिस्प के सदस्य सह पूर्व आईएएस एन एन सिन्हा , जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल , पंचायती राज विभाग की निदेशक बी राजेश्वरी सहित अन्य मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित