रांची , मई 25 -- झारखंड की राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र के काठीटांड़ चौक के पास सोमवार तड़के करीब 4 बजे एक भीषण सड़क हादसे में नौ लोग घायल हो गए।

शादी समारोह से लौट रहे लोगों से भरे पियागो ऑटो को एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार महिलाओं समेत कुल 9 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सभी लोग कांके के हातमा स्थित रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होकर मलटोटी गांव लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

घायलों में मीना देवी, वीणा उरांव, सुभाष उरांव, चलकी उराईन, संगीता उरांव, सुकरा उरांव, रॉकी सिंह, लुका उरांव और कैलाश उरांव शामिल हैं। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने वीणा उरांव और सुभाष उरांव की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया।

इधर सूचना मिलने पर रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित