रांची , जुलाई 26 -- झारखंड की राजधानी रांची के ऐतिहास मोरहाबादी स्थित फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित होने वाले डूरंड कप के सफल और सुरक्षित आयोजन को लेकर रविवार को प्रतिनियुक्त पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया। उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करें तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम और वरीय अधिकारियों को दें।
उन्होंने स्टेडियम परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वार, वीआईपी गैलरी, खिलाड़ियों के आवागमन मार्ग, पार्किंग स्थल और दर्शक दीर्घा में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही आम दर्शकों के साथ विनम्र व्यवहार करने और किसी भी विवाद या अफवाह को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित करने पर जोर दिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा कि मैच के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सभी पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर लगातार तैनात रहेंगे तथा स्टेडियम में प्रवेश करने वाले प्रत्येक दर्शक की अनिवार्य सुरक्षा जांच की जाएगी। किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को स्टेडियम में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
बैठक में वीआईपी मूवमेंट, खिलाड़ियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन और आपातकालीन निकासी योजना को लेकर भी अधिकारियों को सेक्टरवार जिम्मेदारियां सौंपी गईं। प्रशासन ने डूरंड कप के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी करने का भरोसा जताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित