रांची , अक्टूबर 08 -- झारखंड की राजधानी रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र में रांची-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी। । यह हादसा हाठु गांव के समीप बालू लदे हाइवा और दूसरे वाहन के बीच हुई जोरदार टक्कर में हाइवा चालक और खलासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर बेड़ो थाना के अवर निरीक्षक अनिल टोप्पो और उनकी टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। हाइड्रा, जेसीबी की मदद से और नईम खान, बुधराम बाड़ा व स्थानीय ग्रामीणों के अथक सहयोग से, टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद हाईवा के क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे दोनों शवों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला।
मृतकों की पहचान कुर्बान अंसारी, ग्राम पुटो, थाना घाघरा, जिला गुमला निवासी, और लक्ष्मण उरांव, ग्राम पबरिया, थाना घाघरा, जिला गुमला निवासी के रूप में हुई है। कुर्बान अंसारी हाईवा का चालक था, जबकि लक्ष्मण उरांव खलासी के रूप में काम कर रहा था।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हादसे में शामिल वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित