रांची , सितंबर 24 -- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज बड़गाईं अंचल की 8.86 एकड़ जमीन हेरफेर और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में वीडियो कंफ्रेंसिंग के जरिए ईडी के विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश हुए।
ईडी के विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार की अदालत में सुनवाई हुई लेकिन सुनवाई पूरी नहीं हुई। अब 30 सितंबर को दिन के 11.15 बजे आरोप गठन पर सुनवाई होगी। मुख्यमंत्री ने अदालत से बार-बार समय की मांग की। उन्होंने अदालत से कहा कि ईडी द्वारा दायर कई अन्य दस्तावेजों के बारे में वह अध्ययन करना चाहते हैं।
इसके अलावा सीएम ने यह भी कहा कि केबिनेट मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री का निधन हो गया है। इससे वे व्यथित हैं। उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। इसलिए अदालत समय देने का कष्ट करे। इसके बाद अदालत ने सुनवाई के लिए 30 सितंबर की तिथि निर्धारित कर दी।
ज्ञातव्य है कि पिछले दिनों अदालत ने हेमंत सोरेन की याचिका खारिज कर दी थी। आरोप तय के लिए 24 सितंबर की तिथि निर्धारित की थी।यजह मामला बड़गाईं में 8.86 एकड़ जमीन से जुड़ा है। इसमें ईडी ने आरोप लगाया है कि फर्जी दस्तावेजों और सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर के जरिए जमीन का अवैध अधिग्रहण किया गया और इससे जुड़े लेन-देन में मनी लॉन्ड्रिंग हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित