रांची , सितंबर 20 -- झारखंड की राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में रविवार तड़के पशु तस्करी की सूचना के बाद जमकर हंगामा हुआ।
पुलिस ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए पशुओं से लदे एक वाहन को पकड़ा, जिसके बाद मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने वाहन से पशुओं को उतार दिया और वाहन में आग लगा दी। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, रविवार अहले सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ वाहनों में पशुओं को लेकर तस्करी की जा रही है। इनमें से कुछ वाहन पंडरा इलाके से गुजर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक संदिग्ध वाहन को रोककर कब्जे में लिया।
इसी दौरान कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने वाहन में लदे पशुओं को बाहर निकाला और इसके बाद वाहन में आग लगा दी। आगजनी के कारण वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है। पहली प्राथमिकी पशु तस्करी से संबंधित मामले में दर्ज की गई है, जबकि दूसरी प्राथमिकी वाहन में आग लगाने और आगजनी की घटना को लेकर दर्ज हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आगजनी की घटना में शामिल होने के संदेह में आठ लोगों को डिटेन किया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन में लदे पशुओं को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। पुलिस आगजनी में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रांची के भाजपा विधायक सीपी सिंह पंडरा थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। सीपी सिंह ने पुलिस से कहा कि जांच के बाद जो लोग दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ ही कार्रवाई की जाए और किसी निर्दोष को मामले में नहीं फंसाया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित