रांची , अप्रैल 08 -- झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
उनके पास से करीब 6.4 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन, 4000 रुपये नकद तथा एक कार, स्कूटी और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 07 अप्रैल की रात वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि नामकुम स्थित हाईटेंशन मैदान, पावरग्रिड के सामने कुछ युवक अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मौके पर एक नीले रंग की आई-10 कार, एक स्कूटी और एक पल्सर मोटरसाइकिल खड़ी पाई। कार में बैठे तीन युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमीज राज (27 वर्ष), मो. अब्दुल (करीब 25 वर्ष) और मो. जफीर उर्फ राजा उर्फ ऋषि (करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से तीन पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल 6.4 ग्राम), तीन मोबाइल फोन और नकद 4000 रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अधिक मुनाफा कमाने के लिए संगठित गिरोह बनाकर ब्राउन शुगर की तस्करी करते हैं।
पुलिस ने बरामद सभी सामानों को जब्त कर लिया है और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में नामकुम थाना में कांड संख्या 91/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111(2)(बी), 111(3), 111(4) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22 और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से मो. अब्दुल और मो. जफीर का आपराधिक इतिहास भी रहा है। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित