रांची , जून 23 -- झारखंड की राजधानी रांची के तुपुदाना क्षेत्र में बरामद महिला के शव मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा सामने आया है।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के समय तीनों संदिग्धों के मोबाइल फोन की लोकेशन घटनास्थल के आसपास पाई गई है। कॉल डंप और लोकेशन डेटा के विश्लेषण के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। हालांकि पूछताछ के दौरान तीनों संदिग्ध खुद को निर्दोष बताते हुए घटना में किसी भी तरह की संलिप्तता से इंकार कर रहे हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि मृतका अरगोड़ा इलाके में चाट और फुचका का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करती थी।
पुलिस को जानकारी मिली है कि महिला कई युवकों के संपर्क में रहती थी, जिसे लेकर उसके और उसके पति के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस इस पहलू को भी जांच के दायरे में रखकर आगे बढ़ रही है।
महिला के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच में कई लोगों से लगातार संपर्क की जानकारी मिली है। ऐसे में पुलिस के सामने यह चुनौती है कि किन संपर्कों को संदिग्ध मानते हुए जांच को आगे बढ़ाया जाए और घटना से जुड़े संभावित आरोपियों की पहचान की जाए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर संभावित एंगल से की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों के अलावा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के समय की गतिविधियों और संदिग्धों की पहचान की जा सके।
फिलहाल हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों की रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित