रांची , जून 21 -- झारखंड की राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी थाना क्षेत्र में रविवार को सड़क किनारे एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

प्रारंभिक आशंकाओं के अनुसार युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। घटना को सड़क हादसे का रूप देने के लिए शव को किसी वाहन से कुचलने की भी आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद तुपुदाना ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि स्थानीय लोगों के अनुसार युवती को पहले भी उस इलाके में देखा गया था, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है, जिससे जांच में पुलिस को कठिनाई हो रही है।

जांच एजेंसियां मृतका की पहचान के साथ-साथ घटना में शामिल संभावित आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्यों का सहारा ले रही हैं। पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं तथा उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल हत्या और सड़क दुर्घटना, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

प्रारंभिक परिस्थितियां मामले को संदिग्ध बना रही हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले वैज्ञानिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह और मौत की परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित