रांची , मई 09 -- ारखंड की राजधानी रांची के टाटीसिल्वे इलाके में हुए चर्चित अभिजीत हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आपसी विवाद और शराब पीने के दौरान हुई मारपीट के बाद अभिजीत की हत्या कर दी गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश की। इसके तहत शव को घटनास्थल से दूर ले जाकर फेंक दिया गया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश सुजय बेक, सन्नी मिंज और विशाल राम के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इनमें से कुछ आरोपी मृतक अभिजीत के पड़ोसी हैं। पूछताछ में यह बात सामने आई कि शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया था, जिसके बाद आरोपियों ने अभिजीत का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित