रांची , मार्च 24 -- झारखंड की राजधानी रांची के गेतलसूद डैम में 500 करोड़ की लागत से 100 मेगावाट का पावर प्लांट बनकर लगभग तैयार हो चुका है।

रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ इस विषय को लेकर आज नई दिल्ली में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी से मिलकर परियोजना की गति प्रगति की जानकारी दी।

श्री सेठ ने बताया कि इस फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट के चालू होने से रांची के 1 लाख घरों को जीरो कट बिजली मिलने का सपना पूरा होगा। यह कार्य लगभग अंतिम चरण में है। जल्द ही इसका लोकार्पण भी किया जाएगा। 172 एकड़ क्षेत्र में इस पावर प्लांट के निर्माण से क्षेत्र की बिजली की समस्या का समाधान हो सकेगा।

श्री सेठ ने बताया कि इसके निर्माण को लेकर दिसंबर 2021 में केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय को प्रस्ताव दिया था। इस प्रस्ताव के आलोक में महज 3 माह के अंदर मार्च 2022 में इसकी स्वीकृति मिली और निर्माण कार्य शुरू हुआ। अब इसका निर्माण कार्य लगभग पूर्ण होने वाला है। इसके साथ ही यहां से बिजली आपूर्ति भी शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रल्हाद जोशी से मिलकर आग्रह किया कि उनके द्वारा इसका लोकार्पण किया जाए। मेरे इस आग्रह पर उन्होंने सहमति प्रदान की है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के साथ ही पावर प्लांट का लोकार्पण होगा और रांची को निर्बाध बिजली आपूर्ति का मेरा सपना पूरा होगा।

श्री सेठ ने कहा कि इतनी बड़ी परियोजना की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति एक बार पुनः आभार प्रकट करता हूं। अपने क्षेत्र की जनता जनार्दन के प्रति भी कृतज्ञता प्रकट करता हूं कि उनके सहयोग से यह प्रोजेक्ट पूर्ण होने वाला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित