रांची , जून 18 -- झारखंड की राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रदेश कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामले की जांच में सामने आए शुरुआती तथ्यों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार हमले की साजिश दुबई में रची गई थी, जबकि इसे रांची में अंजाम दिया गया।
जांच एजेंसियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से एक दुबई में काम करता था। वहीं उसकी मुलाकात राना हुसैन उर्फ राना जी और शाहबाज आलम उर्फ भट्टी से हुई थी। जांच में दोनों के टीटीएच से जुड़े होने की बात सामने आई है। सूत्रों का दावा है कि दुबई में ही आरोपी को रांची स्थित आरएसएस प्रदेश कार्यालय को निशाना बनाने का टास्क दिया गया था।
बताया जा रहा है कि दुबई से मिले निर्देश के बाद तीनों आरोपियों ने हमले की तैयारी शुरू की। इसके बाद आरोपियों ने पेट्रोल बम तैयार कर आरएसएस के प्रदेश कार्यालय पर हमला किया।
सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आ रही हैं। आरोपियों के मोबाइल फोन, इंटरनेट गतिविधियों, बैंक खातों और विदेशी संपर्कों की गहन जांच की जा रही है। मामले के मास्टरमाइंड और अन्य सहयोगियों तक पहुंचने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार तीन आरोपियों में से दो लोहरदगा जिले के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी रांची का रहने वाला है।
इस बीच गुरुवार को गिरफ्तार आरोपियों में से एक पुलिस हाजत से फरार हो गया था। उसकी तलाश में निकली पुलिस टीम ने मांडर क्षेत्र में उसे घेर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि आरोपियों से जारी पूछताछ में आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित