गुवाहाटी , मार्च 13 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शु्क्रवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस पश्चिम एशिया संकट के बीच रसोईं गैस की को लेकर अफवाह फैला रही है और उसने साबित कर दिया है कि वह किसी भी परिस्थिति में देशहित में कोई जिम्मेदारी का काम नहीं कर सकती।

प्रधानमंत्री राज्य के दो दिन के दौरे पर असम आये हुए हैं। उन्होंने पहले दिन यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "आज युद्ध से बने संकटों के बीच भी कांग्रेस सिर्फ अफवाहें फैलाने और दुष्प्रचार करने में जुटी है। एक तरफ भाजपा-राजग सरकार किसानों को लेकर काम कर रही है तथा देश को आत्मनिर्भर बनाने में जुटी है वहीं कांग्रेस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वो किसी भी स्थिति में देश के प्रति ईमानदार नहीं है।"उन्होंने कांग्रेस पर वर्तमान संकटों के बीच भी अफवाहें फैलाने और दुष्प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा, ' मैं जरा कांग्रेस के साथियों से कहना चाहता हूं- एक काम कीजिए , लालकिले पर से 15 अगस्त को पंडित नेहरू जी ने जो भाषण दिये हैं, जरा सुनिए। आप सुनकर के हैरान हो जायेंगे। लालकिले से 15 अगस्त को एक बार पंडित जी कह रहे हैं कि उत्तर कोरिया-दक्षिण कोरिया में लड़ाई चल रही है, इसलिए भारत में महंगाई बढ़ रही है। अब उत्तर कोरिया, दक्षिण कोरिया कहां है और यहां पर महंगाई बढ़ने की बात नेहरू जी कह रहे थे और आज कांग्रेस के लोग देश को गुमराह करने में लगे हैं। वैश्विक संकटों का प्रभाव क्या होता है, ये आज दुनिया देख रही है।"श्री मोदी ने कहा कि कोविड और युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों की कीमतें कई गुना बढ़ गयी थीं लेकिन उनकी सरकार ने देश के किसानों पर उसका बोझ नहीं पड़ने दिया और बहुत कम दरों पर किसानों के लिए उर्वरक सुनिश्चित किये।उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले दशक के दौरान भारतीय किसानों को अंतरराष्ट्रीय संकट से बचाने के लिए अपने खजाने से 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च किये हैं।

उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार की नीतियों के कारण देश में पांच उर्वरक संयंत्र बंद हो गये थे, लेकिन राजग सरकार ने उन्हें फिर से खोलने के लिए ठोस कदम उठाये हैं।

कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस नीत संप्रग सरकार के दस वर्षों के दौरान किसानों को उनकी उपज के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के रूप में केवल 6.50 लाख करोड़ रुपये मिले थे जबकि उनकी सरकार ने एमएसपी योजना के तहत 20 लाख करोड़ रुपये से अधिक की खरीद की है।"प्रधानमंत्री ने कहा कि राजग की डबल इंजन सरकारें अपनी संवेदनशीलता और सुशासन के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने कहा, "समाज के सभी वर्गों का विकास हमारी प्राथमिकता है। यही कारण है कि असम के लोग कह रहे हैं कि उन्हें फिर से भाजपा सरकार चाहिए।"श्री मोदी ने असम में सत्ता में रहने के दौरान चाय बागान श्रमिकों की समस्याओं की अनदेखी करने के लिए भी कांग्रेस की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान चाय बागान श्रमिकों के पास उनकी जमीन के वैध दस्तावेज तक नहीं थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित