अलवर , सितम्बर 28 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के चौपानकी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सीआरडी इंडस्ट्रीज के रसायन एवं गोंद संयंत्र में शनिवार को शाम को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।
फैक्ट्री से उठती आग की लपटों और धुएं को देखकर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गयी। घटना की सूचना मिलने पर दमकल तत्काल मौके पर पहुंची।
दमकल प्रभारी राजू खान ने बताया कि आग लगने के समय संयंत्र में करीब 20 मजदूर काम कर रहे थे। आग भड़कते ही कर्मचारियों ने उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण स्थिति बेकाबू हो गयी। इसके बाद कंपनी प्रतिनिधियों ने दमकल विभाग को सूचना दी और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के अन्य अग्नि शमन स्थानों से भी दमकल वाहन बुलाये गये।
पुलिस उपाधीक्षक पल्लवी गुप्ता ने बताया कि आग बुझाने के लिए करीब 15 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल वाहनों ने कई फेरे लगाकर पानी और फोम का इस्तेमाल करते हुए आग पर काबू पाया। लगातार प्रयासों के बाद अब आग करीब पूरी तरह नियंत्रित कर ली गयी है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के दलों स्थिति को संभाले रखा।
सूत्रों ने बताया कि भीषण आग की चपेट में आने से संयंत्र में रखे रसायन के ड्रम फट गये। वहीं कैंटीन में रखा एलपीजी सिलेंडर भी आग की चपेट में आकर फट गया। इससे पहले ही समय रहते संयंत्र में मौजूद सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पल्लवी गुप्ता ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं आग से हुए कुल नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित