लखनऊ , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता हरीश चंद्र श्रीवास्तव को भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय (उर्वरक विभाग) की हिंदी सलाहकार समिति (राजभाषा सलाहकार समिति) में सदस्य के रूप में नामित किया गया है। यह समिति हिंदी भाषा के आधिकारिक उपयोग को बढ़ावा देने, राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करने और मंत्रालय को आवश्यक सलाह प्रदान करने के उद्देश्य से गठित की जाती है।
मंत्रालय की उप-निदेशक (राजभाषा) विमला दहिया द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार समिति का पुनर्गठन 18वीं लोकसभा के गठन के बाद किया गया है। समिति की अध्यक्षता केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे पी नड्डा कर रहे हैं, जबकि उपाध्यक्ष के रूप में राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल हैं। समिति में कुल 13 सदस्य हैं, जिनमें सांसद, विशेषज्ञ और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि सम्मिलित हैं।
हिंदी सलाहकार समिति का दायित्व संविधान में वर्णित राजभाषा संबंधी प्रावधानों, केंद्रीय हिंदी समिति के नीतिगत निर्णयों, राजभाषा अधिनियम एवं नियमों तथा गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप मंत्रालय और उसके अधीनस्थ कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग की समीक्षा करना तथा आवश्यक सुझाव देना है।
समिति का कार्यकाल तीन वर्ष का होता है। विशेष परिस्थितियों में ही इसे बढ़ाया या घटाया जा सकता है। सांसद सदस्य अपने संसदीय कार्यकाल तक ही समिति में बने रहते हैं, जबकि पदेन सदस्य संबंधित पद पर कार्य करने तक सदस्य रहते हैं। किसी सदस्य के त्यागपत्र या निधन से रिक्त स्थान पर नामित नया सदस्य शेष कार्यकाल के लिए ही नियुक्त होता है।
सदस्य नामित किए जाने पर हरीश चंद्र श्रीवास्तव ने आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सभी वरिष्ठ नेताओं तथा प्रदेश नेतृत्व सहित सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित