नयी दिल्ली , अक्टूबर 21 -- रसायन एवं उर्वरक तथा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा बुधवार को मुंबई में रसायन एवं पेट्रो रसायन उद्योग पर भारत के प्रतिष्ठित अंतराष्ट्रीय सम्मेलन- इंडिया केम 2026 के 14वें आयोजन का उद्घाटन करेंगे।

यह सम्मेलन 22 से 24 अक्टूबर तक मुंबई के एनईएससीओ स्थित बॉम्बे प्रदर्शनी केंद्र में किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल भी उपस्थित रहेंगी।

रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के रसायन एवं पेट्रोकेमिकल विभाग और फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफआईसीसी) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस सम्मेलन में इस बार जापान भागीदार देश के रूप में भाग लेगा। इसमें जापान के साथ अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोपीय संघ के देशों, लैटिन अमेरिका, वियतनाम, कोरिया और आसियान देशों सहित 100 से अधिक देशों के शामिल होने की उम्मीद है।

इंडिया केम 2024 में 72 देशों के प्रतिभागियों ने भाग लिया था। इस प्रमुख द्विवार्षिक आयोजन में दुनिया के प्रमुख देशों के नीति निर्माता, उद्योग जगत की हस्तियां, निवेशक, प्रौद्योगिकी प्रदाता, शोधकर्ता और अन्य हितधारक शामिल हो रहे हैं। इसका उद्देश्य भारत के रसायन और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में सहयोग, व्यापार और निवेश के अवसरों का पता लगाने के लिए एक सुविधाजनक मंच प्रदान करना है।

इंडिया केम-2026 का मुख्य विषय " भारत बढ़त में : एक उभरता हुआ वैश्विक रसायन केंद्र" है, इसमें भारत की औद्योगिक क्षमताओं, तकनीकी प्रगति और वैश्विक विनिर्माण तथा सोर्सिंग गंतव्य के रूप में इसकी क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में स्थापित करेगा।

भारत विश्व में रसायनों का छठा और एशिया में चौथा सबसे बड़ा उत्पादक है। घरेलू रसायन उद्योग में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है। 2030 तक इसके 300 अरब डॉलर और 2040 तक 1000 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। इस क्षेत्र को मजबूत घरेलू और वैश्विक मांग से मदद मिल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित