भोपाल , अप्रैल 12 -- राजधानी भोपाल स्थित रवीन्द्र भवन में 11 और 12 अप्रैल को आयोजित दो दिवसीय "कलाग्य आर्ट प्रदर्शनी" ने कला प्रेमियों को आकर्षित किया। प्रदर्शनी में क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान भोपाल की छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी करते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

इस प्रदर्शनी में छात्राएँ देबार्पिता मिश्रा, निहारिका जोशी और पूर्णिमा विश्वकर्मा ने भाग लेकर अपनी रचनात्मकता प्रस्तुत की। कार्यक्रम में शहर के प्रतिष्ठित पेशेवर कलाकारों के साथ उभरते युवा कलाकारों ने भी अपनी कृतियों का प्रदर्शन किया, जिससे रवीन्द्र भवन की आर्ट गैलरी रंगों और भावनाओं से सराबोर नजर आई।

प्रदर्शनी के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात कलाकार हेमंत वायंगंकर, हरिकांत दुबे और युवा गोंड कलाकार मान सिंह व्याम उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति ने कलाकारों को प्रेरणा प्रदान की।

क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान की छात्राओं की कलाकृतियाँ विशेष रूप से दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने में सफल रहीं। उनके कैनवास पर उकेरे गए रंगों और भावों ने दर्शकों को प्रभावित किया। यह प्रदर्शनी कला और सृजनशीलता का सफल मंच बनकर उभरी, जिसमें छात्राओं की भागीदारी ने संस्थान का गौरव बढ़ाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित