कोलकाता , मार्च 12 -- श्री रवींद्र नारायण रवि ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के नये राज्यपाल पद की शपथ ली।
यहां लोक भवन में आज पूर्वाह्न 11:30 बजे शुरू हुए समारोह में कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुजय पॉल ने श्री रवि को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती, विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी और वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस समेत कई बड़े नेता और अधिकारी मौजूद थे।
शपथ ग्रहण समारोह से पहले और बाद में राष्ट्रगीत वंदे मातरम और राष्ट्रगान जन गण मन बजाया गया। शपथ लेने के बाद नये राज्यपाल ने मुख्यमंत्री और समारोह में मौजूद दूसरे मेहमानों का अभिवादन किया और उनसे बातचीत की।
गौरतलब है कि श्री सी. वी. आनंद बोस के अचानक पद से इस्तीफा देने के बाद श्री रवि को राज्य का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
इससे पहले श्री रवि तमिलनाडु के राज्यपाल के तौर पर पदस्थ थे और वह बुधवार को अपनी नयी ज़िम्मेदारी संभालने के लिए कोलकाता पहुंचे।
तमिलनाडु में अपने कार्यकाल के दौरान श्री रवि का अक्सर राज्य की सत्ताधारी द्रविड़ मुनेत्र कडषगम (द्रमुक ) सरकार के साथ टकराव होता था। एक समय तो द्रमुक सरकार ने श्री रवि को राज्यपाल पद से हटाने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी संपर्क किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित