गोरखपुर , जून 15 -- ोरखपुर के सांसद एवं प्रसिद्ध अभिनेता रवि किशन शुक्ल ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सफल 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज गोरखपुर जनपद के भरोहिया ब्लॉक में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर सांसद रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, गरीब कल्याण, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचे, निवेश, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है।

सांसद ने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों ने गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे कार्यक्रमों ने करोड़ों लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं प्रदेश सरकार की योजनाओं ने उत्तर प्रदेश को विकास और सुशासन का मॉडल राज्य बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर सहित पूर्वांचल का समग्र विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। आज क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन दिखाई दे रहा है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रवि किशन ने कहा कि यह आयोजन केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि जनसेवा, विकास और राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारे संकल्प को और अधिक मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का स्वागत करते हुए विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सांसद रवि किशन ने कहा कि जनता का विश्वास और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है तथा वे गोरखपुर के विकास, जनता की सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए निरंतर समर्पित रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित