देहरादून , जून 12 -- उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने आगामी 14 जून (रविवार) को स्नातक स्तरीय परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों से अपेक्षा की हैं कि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थी निर्धारित तिथि से एक दिन पहले अपने परीक्षा केन्द्र वाले शहर में पहुंचकर परीक्षा केन्द्र का अवलोकन अवश्य कर लें। ताकि परीक्षा के दिन उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

यूकेएसएसएससी के ओर से शुक्रवार को जारी अपील के साथ परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी 13 जिलों के पुलिस नियंत्रण और जिला आपातकालीन प्रबंधन केन्द्रों के दूरभाष नम्बर भी जारी किये हैं। जिनसे आवश्यकता होने पर परीक्षार्थी संपर्क कर सकेंगे। आयोग ने कहा है कि 14 जून को स्नातक स्तरीय पदों के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस अवधि में राज्य के रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़ आदि जनपदों में भारी वर्षा एवं कहीं-कहीं पर बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की गई है। उक्त के अतिरिक्त जिला नैनीताल में नीम करौली बाबा के वार्षिकोत्सव के कारण जनपद नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर आदि में यातायात का अत्यधिक दबाव बना रह सकता है। इसी प्रकार देहरादून जिले के ऋषिकेश, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग एवं चमोली में चारधाम यात्रा के कारण यातायात का अत्यधिक दबाव बना रह सकता है।

आयोग ने कहा कि 13 एवं 14 जून को सप्ताहंत होने के कारण भी प्रदेश के मैदानी जिले देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल आदि के साथ-साथ पहाड़ी जिलों में भारी संख्या में पर्यटकों के आने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसलिए अभ्यर्थी असुविधा से बचने और समय से परीक्षा केन्द्र पहुंचने के लिए एक दिन पहले परीक्षा केन्द्र का अवलोकन कर लें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित