मुंबई , सितंबर 21 -- भारतीय खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के संस्थापक रमेश्वर नाथ काओ की जिंदगी पर धर्मा प्रोडक्शन्स और लियो मीडिया कलेक्टिव मिलकर बड़े स्तर की फिल्म बनाने जा रहे हैं।फिल्म का शीर्षक अभी तय नहीं हुआ है और इसे 11 अगस्त 2028 को रिलीज करने की योजना है। फिल्म रॉ की स्थापना के 60 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदर्शित की जाएगी।
फिल्म लेखक नितिन गोखले की पुस्तक जेंटलमैन स्पाईमास्टर पर आधारित होगी। इसकी कहानी 1955 से 1971 के दौर पर केंद्रित होगी। इसमें रॉ की जरूरत महसूस होने, इसकी स्थापना और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान एजेंसी के शुरुआती मिशन को दर्शाया जाएगा।
धर्मा प्रोडक्शन्स के करण जौहर ने कहा कि लियो मीडिया पिछले दो वर्षों से इस कहानी पर शोध कर रहा है और इसे सिनेमाई रूप देने में जुटा है। उन्होंने कहा कि फिल्म के जरिए सच्ची घटनाओं पर आधारित एक रोमांचक कहानी पेश करने के साथ रॉ की 60 वर्ष की विरासत को सम्मान देने का प्रयास किया जाएगा।
फिल्म फिलहाल विकास के चरण में है। इसके निर्देशक और कलाकारों सहित अन्य विवरणों को फिलहाल गोपनीय रखा गया है। निर्माताओं की योजना 2026 के मध्य तक फिल्म की शूटिंग शुरू करने की है।
रमेश्वर नाथ काओ को भारतीय खुफिया तंत्र को मजबूत आधार देने और रॉ की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों में प्रमुख माना जाता है। खुफिया क्षेत्र में उनकी दूरदर्शिता और रणनीतिक सोच की समय-समय पर सराहना की जाती रही है।
यह फिल्म धर्मा प्रोडक्शन्स और लियो मीडिया कलेक्टिव की एक और साझेदारी होगी। दोनों संस्थाएं इससे पहले 'बैड न्यूज' और 'केसरी: चैप्टर 2' में साथ काम कर चुकी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित