राजनांदगांव , मई 13 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बुधवार सुबह अपने निवास कार्यालय में विभिन्न हितग्राहियों को मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किया तथा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की।
विधानसभा अध्यक्ष ने डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम नादिया में कबीर साहेब द्वार कार्य हेतु मुख्यमंत्री घोषणा अंतर्गत 40 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की तथा कबीर साहेब मठ ट्रस्ट नादिया विकासखंड डोंगरगांव को मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता राशि के तहत 11 लाख रुपये की स्वीकृति दी।
डॉ. सिंह ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए राजनांदगांव की अंतर्राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शामिल होने की तैयारी के लिए पांच लाख रुपये की मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया। इसी प्रकार अन्य हितग्राहियों को भी मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत कर चेक वितरण किया गया।
जिसमें ग्राम आलीखुंटा निवासी नोमेश कुमार साहू, गोदावरी बाई, नम्मूलाल साहू को 30-30 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। किलापारा राजनांदगांव पूनम सोनी को शिक्षा के लिए 10 हजार रुपये तथा राजनांदगांव निवासी संतोष सोनी को इलाज के लिए 10 हजार रुपये की मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास पूर्णिमा साहू, कोमल सिंह राजपूत, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित