महासमुंद , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने शुक्रवार को सरायपाली प्रवास के दौरान विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जल संरक्षण, वृक्षारोपण और जैविक खेती को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

राज्यपाल ने अधिकारियों से कहा कि जल संरक्षण के कार्यों को तेज किया जाए तथा किसानों को डबरी निर्माण के लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि जल संकट की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण और जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया।

कृषि क्षेत्र की समीक्षा करते हुए राज्यपाल ने जैविक खेती को बढ़ावा देने, रासायनिक उर्वरकों के उपयोग को कम करने तथा चावल के वैल्यू एडिशन के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और टीबी उन्मूलन के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने तथा बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर श्री डेका ने रेस्ट हाउस परिसर में पीपल का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही रेडक्रॉस और एनसीसी के पदाधिकारियों ने उनसे सौजन्य भेंट कर विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित