नयी दिल्ली , फरवरी 18 -- भारत के विभिन्न हिस्सों में रमजान का चांद नजर आ गया है, जिसके बाद विभिन्न कमेटियों ने घोषणा की है कि 19 फरवरी से रमजान का महीना शुरू होगा और देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ रोजों का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

केंद्रीय दारुल कजा इमारत शरिया (बिहार, ओडिशा, झारखंड), लखनऊ की केंद्रीय चांद कमेटी फरंगी महल, जामा मस्जिद दिल्ली की केंद्रीय रुएत-ए-हिलाल कमेटी और ऑल इंडिया मिल्ली काउंसिल सहित अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों ने चांद दिखने की पुष्टि की है।

दारुल उलूम देवबंद की केंद्रीय रुएत-ए-हिलाल कमेटी ने बताया कि स्थानीय स्तर पर आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद देश के अन्य हिस्सों से चांद दिखने की प्रामाणिक गवाहियां मिली हैं, जिसके आधार पर 19 फरवरी से पवित्र माह की शुरुआत का निर्णय लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित