चंडीगढ़ , मार्च 03 -- हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने रबी विपणन सीजन 2026-27 के तहत मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) में सरसों, चना, मसूर, सूरजमुखी और ग्रीष्म मूंग की खरीद को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य राज्यभर में पारदर्शी, सुचारू और किसान-हितैषी खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।

खरीद कार्यक्रम के अनुसार मसूर की खरीद 20 मार्च से 30 अप्रैल 2026 तक, सरसों 28 मार्च से 1 मई 2026 तक चना 1 अप्रैल से 10 मई 2026 तक, ग्रीष्म मूंग 15 मई से 20 जून 2026 तक तथा सूरजमुखी 1 जून से 30 जून 2026 तक की जाएगी।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ बिना देरी मिल सके।

समीक्षा में बताया गया कि 2025-26 में फसलों के उत्पादन में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सरसों का अनुमानित उत्पादन 13.17 लाख मीट्रिक टन, सूरजमुखी 0.70 लाख मीट्रिक टन और ग्रीष्म मूंग 98 हजार मीट्रिक टन रहने की संभावना है। चना और मसूर की पैदावार में भी सुधार हुआ है। इस पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्य सचिव ने खरीद एजेंसियों को पूरी तत्परता से कार्य करने को कहा।

बैठक में एमएसपी की भी समीक्षा की गई। सरसों का एमएसपी 6,200 रुपये, चना 5,875 रुपये, मसूर 7,000 रुपये, सूरजमुखी 7,721 रुपये और ग्रीष्म मूंग 8,768 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। किसानों को एमएसपी और खरीद प्रक्रिया की जानकारी देने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में एचएएफईडी और हरियाणा राज्य भंडारण निगम सहित संबंधित एजेंसियों को मंडियों की पहचान, पीओएस मशीनों की स्थापना और पर्याप्त भंडारण व रसद व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित