पटना , फरवरी 27 -- "रबी विपणन मौसम 2026-27" के अंतर्गत गेहूँ, दलहन एवं तेलहन की अधिप्राप्ति के लिये तैयारियों की समीक्षा बैठक खाद्य एवं उपभोक्ता विभाग के सचिव अभय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

।बैठक में सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह , बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक सुनील कुमार, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण के विशेष कार्य पदाधिकारी विनोद कुमार तिवारी सहित भारतीय खाद्य निगम, भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ मर्यादित (नेफेड) तथा भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ मर्यादित (एनसीसीएफ) , खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा सहकारिता विभाग के वरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया।

समीक्षा के दौरान राज्यान्तर्गत विकेन्द्रीकृत अधिप्राप्ति योजना (डीसीपी) के तहत गेहूँ अधिप्राप्ति तथा प्राइस सपोर्ट स्कीम (पीएसएस) के अंतर्गत चना, मसूर एवं सरसों/राई की अधिप्राप्ति की तैयारी, संभावित लक्ष्य, भंडारण क्षमता, क्रय केन्द्रों की संख्या, किसानों के निबंधन, आधार-सत्यापन, बैंक खातों में प्रत्यक्ष भुगतान व्यवस्था तथा लॉजिस्टिक प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की गई।

खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि अधिप्राप्ति कार्य पारदर्शी, समयबद्ध एवं किसान हितैषी ढंग से संचालित हो। उन्होंने कहा कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ सुनिश्चित करने के लिए क्रय केन्द्रों पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएँ, तौल की पारदर्शी व्यवस्था तथा त्वरित भुगतान प्रणाली सुनिश्चित की जाए। सभी गेहूं अधिप्राप्ति से संबंधित एजेंसियों को समन्वय स्थापित कर रबी विपणन मौसम 2026-27 के लिए व्यापक तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, जिससे राज्य के अधिकाधिक किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित