जालौन , अक्टूबर 09 -- उत्तर प्रदेश में जालौन के जिलाधिकारी जालौन समीर ने रबी फसलों की बुवाई शुरू होने के बीच किसानों को उर्वरक की उपलब्धता को लेकर आश्वस्त किया है। उन्होंने कहा कि जिले में डीएपी और यूरिया समेत रासायनिक उर्वरकों की मांग के सापेक्ष पर्याप्त उपलब्धता है। किसानों को किसी तरह की अफवाह या भ्रम में आने की जरूरत नहीं है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में करीब 3.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में विभिन्न रबी फसलों की बुवाई होती है। इसमें गेहूं की हिस्सेदारी करीब 42 प्रतिशत, मटर 21 प्रतिशत, मसूर 12 प्रतिशत तथा सरसों और चना सहित अन्य फसलों की हिस्सेदारी करीब 25 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि जिले की 82 सहकारी समितियों के माध्यम से उर्वरक का वितरण सुचारू रूप से कराया जा रहा है। किसान अपनी संबंधित समिति पर जाकर खतौनी, फार्मर आईडी और आधार कार्ड के माध्यम से सत्यापन कराएं और खेत के क्षेत्रफल के अनुसार निर्धारित मात्रा में खाद प्राप्त करें।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि खाद को लेकर अनावश्यक जल्दबाजी न करें और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें। प्रशासन द्वारा उर्वरक की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि रबी की बुवाई के दौरान किसानों को खाद के लिए परेशानी न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित