नयी दिल्ली , दिसबंर 15 -- रबी फसलों की बुवाई ने पिछले वर्ष के मुकाबले महत्वपूर्ण उछाल दर्ज किया है। रबी फसलों के तहत कुल बोया गया रकबा 536 लाख हेक्टेयर से अधिक हो गया है। यह आंकड़ा पिछले साल इसी अवधि के 512.76 लाख हेक्टेयर की तुलना में 24 लाख हेक्टेयर की उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है।

कृषि मंत्रालय की विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी। इसके अनुसार मुख्य रबी फसल गेहूं के तहत रकबा 17.18 लाख हेक्टेयर बढ़कर 275.66 लाख हेक्टेयर तक पहुँच गया है, जबकि पिछले साल समान अवधि में यह 258.48 लाख हेक्टेयर था। दलहन की भी बेहतर बुवाई बनी हुई है। उड़द, मसूर और मूंग जैसी दालों के तहत कुल 117.11 लाख हेक्टेयर क्षेत्र शामिल हो गया है, जो पिछले साल इसी समय के 115.41 लाख हेक्टेयर से कहीं अधिक है।

तिलहन फसलों में भी अच्छी प्रगति हुई है। सरसों और राई जैसे तिलहन का रकबा 89.79 लाख हेक्टेयर को पार कर गया है, जो पिछले वर्ष के 87.10 लाख हेक्टेयर के आंकड़े की तुलना में 2.70 लाख हेक्टेयर की वृद्धि है। 'श्री अन्न और मोटे अनाज' ने 41.77 लाख हेक्टेयर क्षेत्र कवर किया गया है। ज्वार, बाजरा और रागी जैसे मोटे अनाज की बुवाई भी बढ़कर 36.28 लाख हेक्टेयर हो गई है, जो पिछले साल 35.94 लाख हेक्टेयर थी। इसके अलावा, मक्के की खेती में 1.61 लाख हेक्टेयर की वृद्धि दर्ज की गई है, जिसका रकबा 13.99 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 15.60 लाख हेक्टेयर हो गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित