सहारनपुर , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में राज्य मंत्री जसवंत सैनी ने रविवार को कहा कि दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे रफ्तार,पर्यावरण और विकास का मॉडल होगा।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद होंगे। भाजपा ने इस आयोजन को यादगार और ऐतिहासिक बनाने के लिए ऐडी से चोटी का जोर लगा रखा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजित सिंह राणा की अगुवाई में पार्टी के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि तीन दिनोें के भीतर बेहट विधान सभा क्षेत्र के 35-40 गांवों में सघन जनसंपर्क अभियान चला चुके है। अजीत सिंह राणा ने आज शाम बिहारीगढ में पत्रकारों को बताया कि रविवार और सोमवार को भी जनसंपर्क जारी रहेंगा। राज्य मंत्री और पश्चिम के प्रमुख भाजपा नेता जसवंत सैनी भी दोनो दिन जन सपंर्क में शामिल रहेंगे।
जसवंत सैनी ने आज कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे तेज रफ्तार का प्रतीक है ही यह पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक विकास का भी माॅडल है। मोहड क्षेत्र में जो राजाजी नेशनल पार्क और शिवालिक वन क्षेत्र के अंतर्गत आता है उसके ऊपर 12 किमी. का एशिया का सबसे बडा मनोरम वाल्ड लाइफ एलिवेटेड कारिडोर भी है। जिससे इस पर्वतीय क्षेत्र के वन्य जीव एक स्थान से दूसरे स्थान को सुरक्षित और आसानी से भ्रमण कर सकेंगे। यह एक्सप्रेस हाईवे मोदी सरकार की पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को बहुत बडी सौगात है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजित सिंह राणा के नेतृत्व में बेहट क्षेत्र के पूर्व विधायक नरेश सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप, चंद्रपाल राणा, साहब सिंह पुंडीर, दुबे सिंह कांबोज, बाबूराम राठौर, अभय सिंह राणा, सुभाष धीमान, डा. पवन संवई, सहदेव सिंह आदि प्रमुख भाजपाइयों ने गणेशपुर, बिहारीगढ, सुंदरपुर, खुशहालीपुर, अब्दुल्लापुर, सतपुरा, छुटमलपुर, मुजफ्फराबाद और गांव फतेहपुर में दौरा कर लोगों से उद्घाटन समारोह में शामिल होने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित