बैतूल , जुलाई 11 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के आमला विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी बाहुल्य नई डोडा गांव में तरकमवा नाले पर रपटा निर्माण नहीं होने से हर वर्ष बरसात में गांव का मुख्य मार्ग से संपर्क टूटने पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने जनपद पंचायत पहुंचकर विधायक डॉ. योगेश पंडागरे को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत कोठिया के अंतर्गत आने वाले नई डोडा गांव में रपटा नहीं होने के कारण बारिश के दौरान नाला उफान पर आ जाता है और गांव टापू में तब्दील हो जाता है। इससे स्कूल बस गांव तक नहीं पहुंच पाती, जबकि बीमारों को एंबुलेंस के अभाव में खाट पर लादकर नाला पार कराना पड़ता है।

ग्रामीण पतिराम धुर्वे, धनजा इवने और मिश्री इवने ने आरोप लगाया कि रपटा निर्माण के लिए कई माह पहले गिट्टी और रेत मौके पर पहुंचा दी गई थी, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। उन्होंने निर्माण सामग्री खराब होने की आशंका जताते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीण महिलाओं ने गांव में अघोषित बिजली कटौती और पेयजल संकट का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि रात में अक्सर बिजली गुल रहती है तथा पेयजल के लिए दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता है। सेवादल के जितेंद्र शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि रपटा निर्माण सहित बिजली और पेयजल की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

इस संबंध में विधायक डॉ. योगेश पंडागरे ने कहा कि नई डोडा की समस्याओं की जानकारी उन्हें मिल चुकी है। रपटा निर्माण में आ रही तकनीकी बाधाओं को दूर कर जल्द कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। साथ ही बिजली और पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित