भिण्ड , अगस्त 02 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर में रविवार को विकसित, समृद्ध और प्रगतिशील भिण्ड के संकल्प के साथ हजारों युवाओं ने करीब पांच किलोमीटर लंबी रन फॉर समृद्धि में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शहर की सड़कों पर एक साथ दौड़ते युवाओं ने जनभागीदारी, राष्ट्रसेवा और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। आयोजन में देशभक्ति, सामाजिक सरोकार और युवा शक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय वायुसेना के पूर्व एयर चीफ मार्शल आर.के.एस. भदौरिया ने कहा कि चंबल की धरती वीरों और देशभक्तों की भूमि रही है। यहां प्रतिभा और जुनून की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल युवाओं को सही दिशा और अवसर देने की है।
श्री भदौरिया ने बताया कि अपने सैन्य जीवन में उन्होंने 4,250 घंटे से अधिक लड़ाकू विमान उड़ाए और 30 प्रकार के विमानों पर प्रशिक्षण दिया। अब उनका उद्देश्य अपने अनुभव का लाभ चंबल के युवाओं को देना है। उन्होंने घोषणा की, कि चंबल क्षेत्र में सैन्य प्रशिक्षण अकादमी स्थापित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। अकादमी में सेना के विभिन्न अंगों से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी युवाओं को प्रशिक्षण देंगे। उन्होंने कहा कि सेना केवल हथियार चलाना नहीं सिखाती, बल्कि नेतृत्व, अनुशासन, तकनीक और राष्ट्रसेवा की भावना भी विकसित करती है।
एम्स नई दिल्ली के प्रोफेसर डॉ. संजय राय ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक सोच और सेवा भावना जरूरी है। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान स्वदेशी वैक्सीन विकसित करने के अनुभव साझा करते हुए कहा कि वैज्ञानिकों और चिकित्सकों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाई।
एम्स नई दिल्ली के प्रोफेसर एवं सर्जन डॉ. अमित गुप्ता ने सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब भी भिण्ड और चंबल क्षेत्र को उनकी जरूरत होगी वे हरसंभव सहयोग के लिए तैयार रहेंगे। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं के अनुशासन और ऊर्जा की भी सराहना की।
पद्मश्री सम्मानित सतेंद्र लोहिया ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि दिव्यांगता कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, मेहनत और मजबूत संकल्प के बल पर हर चुनौती को पार किया जा सकता है। युवाओं को अपने सामर्थ्य पर विश्वास रखते हुए लगातार आगे बढ़ना चाहिए।
उत्तर प्रदेश के निदेशक अशोक बाजपेयी ने कहा कि लंबे समय बाद भिण्ड आकर उन्हें खुशी हुई। उन्होंने कहा कि जिस उत्साह के साथ युवा इस आयोजन में शामिल हुए हैं उससे भरोसा है कि आने वाले समय में भिण्ड की दिशा और दशा निश्चित रूप से बदलेगी।
कार्यक्रम के समापन पर रन फॉर समृद्धि में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही शहर के वरिष्ठ नागरिकों, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन ने विकसित भिण्ड, जागरूक समाज और राष्ट्रसेवा के संकल्प को नई ऊर्जा देने का संदेश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित