भरतपुर , अगस्त 30 -- उत्तर भारत मे श्रद्धा के केंद्र राजस्थान में सवाईमाधोपुर के रणथंभौर के त्रिनेत्र गणेश मंदिर आने वाले श्रद्धालुओ को अपने इष्ट गजानन गणेश के दर्शन के लिए एक सप्ताह तक इंतजार करना पड़ेगा।
वन विभाग के सूत्रों ने रविवार को बताया कि पिछले दिनों की तेज बारिश से जगह जगह क्षतिग्रस्त हुए मंदिर मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए वन विभाग ने मरम्मत एवं रखरखाव कार्य के मद्देनजर मंदिर मार्ग को 30 अगस्त से पांच सितम्बर तक बंद कर दिया है।
सूत्रों ने बताया कि एक सप्ताह तक मंदिर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। श्रद्धालुओं से निर्धारित अवधि में मार्ग का उपयोग नहीं करने और विभाग के निर्देशों का पालन करने का आग्रह भी किया गया है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद रास्ता फिर से आमजन के लिए खोल दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित