भरतपुर , मई 24 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर के रणथम्भोर त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर बाघिन रिद्धि के शावक की चहलकदमी ने एक बार फिर पर्यटकों और त्रिनेत्र गणेश मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को रोमांचित कर दिया। वन विभाग के सूत्रों ने रविवार को बताया कि गणेश मार्ग पर मजार के पास बाघिन रिद्धि का शावक बैठा दिखाई दिया। कुछ देर बाद शावक सड़क पर टहलने लगा। इस दौरान वह पूरी तरह शांत नजर आया और सड़क किनारे आराम से घूमता रहा।
अचानक मार्ग पर बाघ के शावक की मौजूदगी से वहां मौजूद लोगों में उत्साह के साथ-साथ हल्का डर भी बना रहा, लेकिन सभी लोग सुरक्षित दूरी बनाकर उसे देखते रहे।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग का दल भी तुरंत मौके पर पहुंच गया। वनकर्मियों ने शावक की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी। करीब 15 मिनट तक मंडराने के बाद शावक धीरे-धीरे जंगल की ओर लौट गया, जिसके बाद वन विभाग के दल ने राहत की सांस ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित