भरतपुर , दिसम्बर 13 -- राजस्थान में रणथंभौर में शनिवार अपराह्न बाघिन टी-2307 के अठखेलियां करते चौथे शावक के अचानक दिखाई देने के बाद वन्यजीव प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

पार्क में नए शावक के नजर आने के बाद वन विभाग ने इसकी निगरानी बढ़ा दी है। पिछले दिनों पार्क में तीन शावकों को चिन्हित किया गया था।

वहीं विभाग के सूत्रों ने बताया कि रणथंभौर नेशनल पार्क के जोन नंबर चार में अचानक बाघिन टी-2307 का चौथा शावक अठखेलियां करता नजर आया। इस दौरान पर्यटकों के साथ मौजूद एक गाइड ने शावक की गतिविधियों को अपने कैमरे में कैद किया और तुरंत वन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने संबंधित क्षेत्र में लगे कैमरे खंगाले। जांच के दौरान कैमरा ट्रैप में बाघिन टी-2307 के चार शावक स्पष्ट रूप से दिखाई दिए। इसके बाद चौथे शावक की आधिकारिक पुष्टि की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित