भरतपुर , जुलाई 15 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर का रणथंभौर बाघ अभयारण्य तीन महीने के मानसून के दौरान पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बीच 1700 वर्ग किलोमीटर के इस जंगल में बाघ के शरीर पर बनी धारियों से बाघों की गणना के लिए 600 कैमरा ट्रैप लगाये गये हैं।
अभयारण्य के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि क्षेत्र में करीब 300 बिंदु निर्धारित किये गये है जहां निगरानी के लिए दो-दो कैमरे लगाये गये हैं , हालांकि सामान्य दिनों में भी यहां करीब 300 कैमरा ट्रैप हमेशा लगे रहते हैं, ताकि बाघों की लगातार निगरानी होती रहे।
उन्होंने बताया कि बाघ अभयारण्य में बाघों की संख्या 77 तक पहुंच गयी है। इस गणना का पूरा डेटा राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण जारी करेगा।
गौरतलब है कि जिस तरह हर व्यक्ति के फिंगर प्रिंट अलग होते हैं उसी तरह हर बाघों की धारियों का पैटर्न भी अलग होता है। इसी वजह से हर बाघ की अलग-अलग पहचान करके उसकी सटीक गणना की जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित