हैदराबाद , सितंबर 20 -- रणजी ट्रॉफ़ी के आगामी सीज़न में पहले दो मुक़ाबलों में मोहम्मद सिराज हैदराबाद की कप्तानी करेंगे और सीवी मिलिंद को दल का उपकप्तान नियुक्त किया गया है।

हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने अपनी मीडिया रिलीज़ में बताया है कि सिराज की अनुपस्थिति या उनकी अनुपलब्धता में मिलिंद कप्तानी की भूमिका अदा करेंगे। हैदराबाद के दल में अनुभवी बल्लेबाज़ तनमय अग्रवाल, राहुल सिंह और विकेटकीपर बल्लेबाज़ राहुल रादेश और साई रेड्डी को शामिल किया गया है। 15 सदस्यीय दल में तनय त्यागराजन, अनिकेत रेड्डी और अजय देव गौड़ को शामिल किया गया है।

सिराज वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ भारत के वनडे दल का हिस्सा हैं, तीन मैचों की यह सीरीज़ 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में समाप्त होगी।

हैदराबाद का पहला रणजी ट्रॉफ़ी मुक़ाबला 11 अक्टूबर को त्रिपुरा के ख़िलाफ़ है, हालांकि इसका वेन्यू अभी तय नहीं हुआ है। उनका अगला मुक़ाबला 18 अक्टूबर को आंध्र के ख़िलाफ़ विजयनगरम में शुरू होगा।

भारत का न्यूज़ीलैंड दौरा 22 अक्टूबर को शुरू होगा, हालांकि इस दौरे पर पहले टी 20I सीरीज़ खेली जानी है। सिराज ने आख़िरी बार भारत के लिए यह प्रारूप इस साल फ़रवरी में खेला था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित