रायबरेली , नवम्बर 04 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार रजिस्ट्री कार्यालयों में आम लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए बजट उपलब्ध करा रही है। सभी जिलों के रजिस्ट्री कार्यालयों में पेयजल, बैठने, स्वच्छ शौचालय और वातानुकूलन जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। मंत्री ने बुधवार को रायबरेली दौरे के दौरान निरीक्षण भवन के सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को रजिस्ट्री कार्यालयों में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं देने और विभागीय सेवाओं को पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के रजिस्ट्री कार्यालयों में ऑनलाइन रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही स्टाम्प शुल्क और निबंधन शुल्क भी ऑनलाइन जमा किया जा सकता है। इससे लोगों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और पंजीयन प्रक्रिया आसान होगी।
जायसवाल ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में कानून व्यवस्था में सुधार और निवेश के अनुकूल माहौल बनने से औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार हुआ है। इससे राजस्व बढ़ने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी बने हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश का राजस्व करीब 11 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर लगभग 31 हजार करोड़ रुपये हो गया है।
मंत्री ने अधिकारियों को विभागीय काम समय से पूरा करने और रजिस्ट्री कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को ऑनलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक कर उनका अधिकाधिक लाभ दिलाने को भी कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित