नयी दिल्ली , जून 23 -- रक्षा सूचना प्रौद्योगिकी सलाहकार समिति ने सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और अत्याधुनिक तकनीकों को समयबद्ध तरीके से अपनाने पर ज़ोर दिया है।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की अध्यक्षता में समिति की 15वीं बैठक बुधवार को यहां हुई। मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ द्वारा आयोजित बैठक के दौरान, युद्ध के बदलते स्वरूप को देखते हुए रक्षा सेवाओं में नयी और क्रांतिकारी तकनीकों के इस्तेमाल पर विषय विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण नीतिगत फैसलों पर चर्चा की। सदस्यों ने कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया, जिनमें एडवांस्ड चिप मैन्युफैक्चरिंग का स्वदेशीकरण, अपना खुद का ऑपरेटिंग सिस्टम तथा डेटाबेस विकसित करना, और रक्षा ज़रूरतों के लिए डेटा सेंटरों की रणनीतिक लोकेशन तय करना शामिल था। समिति ने उन परियोजनाओं को मंज़ूरी दी जिनसे न केवल रक्षा बलों को, बल्कि सरकार के 'विकसित-भारत' के विज़न के अनुरूप देश की तकनीकी विकास प्रक्रियाओं को भी दूरगामी लाभ मिलेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित