नई दिल्ली , अक्टूबर 01 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा लेखा विभाग की वित्तीय प्रणालियों में अधिक एकीकरण, डिजिटलीकरण और पारदर्शिता पर जोर दिया है।
श्री सिंह ने गुरुवार को यहां रक्षा लेखा विभाग के 279वें वार्षिक दिवस समारोह को संबोधित करते हुए सेना, नौसेना और वायुसेना की वित्तीय प्रणालियों को अधिक एकीकृत करने तथा प्रबंधन सूचना प्रणाली के आंकड़ों को वास्तविक समय में अपडेट करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि परंपरा से हटकर बजट की 'वार्षिक समीक्षा' के बजाए किसी भी समय समीक्षा करने पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने रक्षा लेखा विभाग को देश की रक्षा तैयारियों की रीढ़ बताते हुए उसके करीब तीन शताब्दियों के योगदान की सराहना की।
रक्षा मंत्री ने रक्षा लेखा विभाग के डिजिटल और एकीकृत लेखा एवं भुगतान तंत्र 'सक्षम' की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इसे भारतीय सेना की वित्तीय सूचना प्रणाली से जोड़ने से बजट, मंजूरी और बिल संबंधी जानकारी का डिजिटल आदान-प्रदान संभव हुआ है और बिलों की प्रक्रिया पूरी तरह कागज रहित हो गयी है।
उन्होंने वर्ष 2025-26 में बजट के शत प्रतिशत खर्च पर विभाग और तीनों सेनाओं के संयुक्त प्रयासों की सराहना की। पेंशन संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए संवाद आधारित कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रणाली विकसित करने का सुझाव देते हुए उन्होंने शिकायतों और अदालती मामलों के जल्द निपटारे पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में जीवन लगाने वालों के वैध बकाये और सेवा अधिकारों के मामलों में व्यवस्था दृढ़, निष्पक्ष, संवेदनशील और जिम्मेदार होनी चाहिए।
श्री सिंह ने पूरी तरह स्वचालित राजस्व खरीद प्रणाली 'संपूर्ण' को जल्द लागू करने पर भी जोर दिया। इस मौके पर उन्होंने रक्षा वित्तीय सूचना प्रणालियों के एकीकरण, रक्षा खर्च की निगरानी और रक्षा मंत्रालय में कोष के एकल खाते की व्यवस्था से जुड़ी तीन प्रमुख पहलों का शुभारंभ किया।
इनमें 'सक्षम' को भारतीय सेना की वित्तीय सूचना प्रणाली से जोड़ना, रक्षा मंत्रालय में कोष के एकल खाते की व्यवस्था और रक्षा के लिए नई राष्ट्रीय संकलन प्रणाली शामिल हैं। नई संकलन प्रणाली से बजट और खर्च की अधिक सटीक निगरानी तथा वित्त मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों के लिए विस्तृत रिपोर्टिंग में मदद मिलेगी।
समारोह में रक्षा मंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार-2026 भी दिए गए। ये पुरस्कार रक्षा वित्त प्रबंधन में सुधार, नवाचार, दक्षता और पारदर्शिता के लिए दिए गए। उन्होंने रक्षा लेखा विभाग के तीन प्रकाशन भी जारी किए। इनमें रक्षा खर्च पर व्यापक सांख्यिकीय पुस्तिका-2026, रक्षा लेखा भारती और बाजार जानकारी रिपोर्ट 2025-26 शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित