नयी दिल्ली , अक्टूबर 22 -- रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने गुरुवार को यहां सेना भवन में हिंदी पुस्तकालय 'ज्ञानदीप' का उद्घाटन किया।
इस पहल का उद्देश्य हिंदी की पुस्तकों और साहित्य को बढ़ावा देना, सरकारी कामकाज में हिंदी के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करना और राजभाषा के प्रभावी उपयोग को मजबूत करना है।
रक्षा मंत्रालय की ओर से दो से 31 अक्टूबर तक एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत साउथ ब्लॉक में सफाई और पुराने रिकॉर्ड हटाकर करीब 35,000 वर्ग फुट जगह खाली करायी गयी है। यह जगह परियोजना 'युग युगेन भारत संग्रहालय' को सौंप दी गयी है।
अभियान के दौरान 1,361 ई-फाइलें बंद की गयी और 1,746 भौतिक फाइलों को हटाया गया। ई-कचरे और अन्य अनुपयोगी वस्तुओं के निपटान से 4.22 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर रक्षा सचिव ने अभियान के दौरान विशेष योगदान देने वाले आठ 'स्वच्छता वीरों' को सम्मानित भी किया।
रक्षा मंत्रालय के विभिन्न कार्यालयों और भवनों में सफाई, रखरखाव, ई-कचरे को अलग करने और उसके निपटान का काम भी नियमित रूप से किया जा रहा है। इनमें सेना भवन, कर्तव्य भवन-दो, वायु भवन और केजी मार्ग स्थित कार्यालय शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित