रायपुर , अगस्त 14 -- छत्तीसगढ़ में रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों की राखी समय पर और सुरक्षित रूप से भाइयों तक पहुंचाने के लिए भारतीय डाक विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। विभाग ने स्पीड पोस्ट के माध्यम से राखी भेजने पर डाक शुल्क में छूट देने के साथ ही वॉटरप्रूफ लिफाफे और मिठाई भेजने के लिए विशेष बॉक्स उपलब्ध कराए हैं। ये सुविधाएं शहरी डाकघरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की शाखाओं में भी उपलब्ध रहेंगी।
डाक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि 12 अगस्त से स्पीड पोस्ट के जरिए राखी भेजने पर डाक शुल्क में 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। रक्षाबंधन के दौरान बारिश और नमी से राखियों को सुरक्षित रखने के लिए डाकघरों में विशेष वॉटरप्रूफ लिफाफों की व्यवस्था भी की गई है।
विभाग की ओर से छोटा वॉटरप्रूफ लिफाफा 10 रुपये और बड़ा लिफाफा 15 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है। इन लिफाफों पर लेमिनेशन की परत चढ़ाई गई है, जिससे बारिश अथवा नमी के संपर्क में आने पर राखी खराब होने की आशंका कम रहेगी और इसे सुरक्षित रूप से गंतव्य तक पहुंचाया जा सकेगा।
राखी के साथ मिठाई भेजने वालों के लिए भी डाक विभाग ने अलग व्यवस्था की है। मिठाई भेजने के लिए स्पेशल बॉक्स 30 रुपये में उपलब्ध कराया गया है। वहीं सावन के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए गंगोत्री का गंगाजल भी 30 रुपये में उपलब्ध है।
डाक विभाग ने लोगों से अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए निर्धारित समय से पहले राखी की बुकिंग कराने की अपील की है, ताकि रक्षाबंधन के दिन अथवा उससे पहले राखी संबंधित पते पर सुरक्षित रूप से पहुंचाई जा सके।
विभाग के अनुसार राखी से जुड़ी ये विशेष सुविधाएं केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं हैं। ग्रामीण अंचलों में स्थित शाखा पोस्ट ऑफिस में भी ये सुविधाएं समान रूप से उपलब्ध रहेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित