कोंडागांव , अगस्त 23 -- रक्षाबंधन के पावन पर्व को लेकर छत्तीसगढ़ में कोंडागांव स्थित शांति फाउंडेशन में प्रभुजनों द्वारा अपने हाथों से आकर्षक राखियां तैयार की जा रही हैं। राखियां बनाने के दौरान उनके चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिल रहा है। संस्था की यह पहल प्रभुजनों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उनमें आत्मविश्वास और सामाजिक जुड़ाव की भावना विकसित करने का प्रयास है।

फाउंडेशन के अनुसार मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों के कारण कई लोगों को परिवार और समाज से दूरी का सामना करना पड़ता है। ऐसे लोगों को भी प्रेम, सम्मान और अपनत्व की आवश्यकता होती है। इसी उद्देश्य से संस्था में उन्हें विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर अपनी प्रतिभा और भावनाओं को अभिव्यक्त करने का अवसर दिया जा रहा है।

रक्षाबंधन के लिए बनाई जा रही राखियों में प्रभुजनों की मेहनत और हुनर साफ दिखाई दे रहा है। रंग-बिरंगे धागों और विभिन्न सजावटी सामग्रियों से तैयार की जा रही राखियों के माध्यम से समाज में समानता, संवेदनशीलता और अपनत्व का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित