प्रयागराज , अगस्त 26 -- रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ और आवागमन को सुगम बनाने के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इसके तहत खातीपुरा (जयपुर)-हावड़ा के बीच रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन एक-एक फेरे के लिए चलाई जाएगी। इसके अलावा प्रयागराज-बनारस-सूबेदारगंज श्रावणी मेला अनारक्षित स्पेशल ट्रेन के भी दो अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे।

उत्तर मध्य रेलवे के अनुसार, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए गाड़ी संख्या 01915/01916 प्रयागराज-बनारस-सूबेदारगंज श्रावणी मेला अनारक्षित स्पेशल के दो अतिरिक्त फेरे चलाने का निर्णय लिया गया है। गाड़ी संख्या 01915 प्रयागराज से बनारस के लिए 30 और 31 अगस्त को तथा गाड़ी संख्या 01916 बनारस से सूबेदारगंज के लिए इन्हीं दोनों तारीखों को संचालित होगी।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अतिरिक्त फेरों से रक्षाबंधन और श्रावणी मेले के दौरान यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय यात्रियों को राहत मिलेगी। अनारक्षित स्पेशल ट्रेन से कम दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा।

गाड़ी संख्या 09709 खातीपुरा-हावड़ा रक्षाबंधन स्पेशल 29 अगस्त को शाम पांच बजे खातीपुरा से रवाना होगी। यह ट्रेन दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, इटावा और गोविंदपुरी (कानपुर) होते हुए रात 1:40 बजे गोविंदपुरी और सुबह 4:40 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी।

इसके बाद ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर और बर्दवान होते हुए 30 अगस्त को रात 10:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09710 हावड़ा-खातीपुरा स्पेशल 31 अगस्त को रात 12:15 बजे हावड़ा से रवाना होगी। ट्रेन धनबाद, गया और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होते हुए शाम 5:40 बजे सूबेदारगंज और रात नौ बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी। इसके बाद इटावा, टूंडला और भरतपुर होते हुए एक सितंबर को सुबह 11:30 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार खातीपुरा-हावड़ा रक्षाबंधन स्पेशल में कुल 23 कोच लगाए जाएंगे। इनमें दो एसी सेकेंड, चार एसी थर्ड, सात स्लीपर, आठ जनरल और दो एसएलआर कोच शामिल हैं। रेलवे प्रशासन का कहना है कि विशेष ट्रेनों के संचालन से त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त सीटें उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और नियमित ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम होगा। प्रयागराज-बनारस-सूबेदारगंज अनारक्षित स्पेशल अपने निर्धारित समय, ठहराव और कोच संरचना के अनुसार संचालित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित