सुलतानपुर , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन के अवसर पर योगी सरकार ने महिलाओं और माताओं के लिए सरकारी बसों में तीन दिवसीय निःशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू हो गई है। यह सेवा 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्य रात्रि 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। आज पहले दिन बसो पर महिलाओं की भरी भीड़ दिखी।
उत्तर प्रदेश सरकार योजना से बस स्टेशन, स्टॉपेज और चौराहों पर बहनों की भरी भीड़ है। भीड़ के कारण महिलाएं घंटों खड़ी होकर यात्रा कर रही हैं। इस पहल को लेकर सुलतानपुर बस स्टैंड पर यात्रियों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। अपनी बहन के साथ यात्रा कर रहे प्रिंस मिश्रा ने सरकार की इस पहल को महिलाओं और माताओं के लिए एक "उपहार" बताया। कटका (मणिपुर, पटना) से आनंद विहार जा रही एक वृद्ध महिला यात्री ने भी इस सुविधा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं जारी रहनी चाहिए। सुलतानपुर से अयोध्या जा रही दो युवतियों ने बताया कि उन्हें आसानी से 'शून्य' रुपये का मुफ्त टिकट मिला और उन्हें बिना किसी परेशानी के निःशुल्क सेवा का लाभ मिल रहा है।
जौनपुर जाने के लिए पयागीपुर चौराहे पर यात्री आरती ने बताया कि सरकार को इस सुविधा के साथ बसों की संख्या बढ़ानी चाहिए थी। यात्रियों की भारी भीड़ के कारण बसें आते ही तुरंत भर जा रही हैं, जिससे यात्रा करने में समस्या हो रही है।
सुलतानपुर रोडवेज डिपो के एसएसआई एन.आर. सरोज ने बताया कि इस निःशुल्क बस सेवा का लाभ महिलाओं, बहनों और माताओं के साथ यात्रा करने वाले एक सहवर्ती (जैसे भाई या पिता) को भी मिलेगा। यह सुविधा परिवहन निगम की सभी प्रकार की बसों, चाहे वे निगम की अपनी हों या अनुबंधित, पर लागू है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सुलतानपुर डिपो के अलावा, रायबरेली, अयोध्या और अन्य डिपो की रोडवेज बसों में भी महिलाओं को मुफ्त सफर का लाभ मिलेगा।
प्रयागराज से सुलतानपुर वाया कादीपुर जा रही शिक्षिका निवेदिता का कहना था कि सरकार की इस सुविधा से बहनों का भाई के यहां पहुंचा आसान हो गया हैं। माध्यम व गरीब परिवारों की बहने लंबी यात्रा के लिए धनाभाव में नहीं जा पाती थी। सरकार को बहनों का आशीर्वाद लगेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित