बैतूल , अगस्त 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर प्रदीपन संस्था से जुड़ी बालिकाओं ने जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार को रक्षा सूत्र बांधकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। बालिकाओं ने अधिकारियों को श्रीफल भेंट किया और मिठाई खिलाई। इस दौरान उन्होंने अपनी सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को लेकर संकल्प भी लिया।
प्रदीपन संस्था की सचिव श्रीमती रेखा गुजरे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में सृजन कार्यक्रम और जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन से जुड़ी बालिकाएं शामिल हुईं। कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने बालिकाओं को आशीर्वाद देते हुए उनकी शिक्षा में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
कलेक्टर ने कहा कि बालिकाओं के लिए शिक्षा के साथ आत्मरक्षा का ज्ञान भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने बालिकाओं को मार्शल आर्ट सीखने की सलाह देते हुए कहा कि इससे आत्मविश्वास बढ़ेगा और विषम परिस्थितियों में वे स्वयं की सुरक्षा करने में सक्षम होंगी।
उन्होंने संस्था के प्रतिनिधियों से स्कूल छोड़ चुकी बालिकाओं की जानकारी जुटाकर उन्हें दोबारा शिक्षा से जोड़ने के प्रयास करने को कहा। साथ ही कंप्यूटर प्रशिक्षण, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता से जुड़ी विधाएं सीखने की इच्छुक बालिकाओं की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूची मिलने के बाद इच्छुक बालिकाओं को उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित