उदयपुर , अगस्त 11 -- राजस्थान में उदयपुर जिले में डाक विभाग द्वारा रक्षाबंधन के पावन पर्व पर देश के विभिन्न शहरों में रहने वाले भाई-बहनों तक राखी समय पर पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष पहल की गयी है।
उदयपुर डाक मंडल के प्रवर अधीक्षक अक्षय गाडेकर ने मंगलवार को बताया कि डाक विभाग द्वारा उदयपुर प्रधान कार्यालय, शास्त्री सर्कल एवं हिरणमगरी डाक कार्यालय में विशेष रूप से सजावट की गयी है। राखियों की बुकिंग एवं डिलीवरी को सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष काउंटर्स लगाये जा रहे हैं। इन विशेष काउंटर्स पर 13 अगस्त से रक्षाबंधन की राखियों की बुकिंग शुरू की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अपने भाइयों से दूर रह रही बहनें और बहनों से दूर रह रहे भाई अपनी राखी और स्नेह समय पर अपने प्रियजनों तक पहुंचा सकें, इसके लिए विभाग द्वारा राखियों की बुकिंग को सुविधाजनक एवं प्राथमिकता के साथ संपादित करने की विशेष व्यवस्था की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित