कोंडागांव , अगस्त 28 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रक्षाबंधन के अवसर पर पुलिस ने रिश्तों की सुरक्षा के साथ डिजिटल सुरक्षा का संदेश देने के लिए अनूठी पहल की। छत्तीसगढ़ पुलिस के 'साइबर जागृति अभियान' के तहत थाना पुंगारपाल क्षेत्र में 'साइबर रक्षा सूत्र' कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को राखी बांधी, वहीं महिला पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को रक्षा सूत्र बांधकर साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा, डीएसपी नरेन्द्र पुजारी, डीएसपी सिद्धार्थ बघेल, थाना प्रभारी पुंगारपाल टीआई मणी राजवाड़े और रक्षित निरीक्षक मनीष राजपूत सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पुंगारपाल के पटेल, सरपंच, पुजारी, गायत, सिरहा, गुनिया और ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति विश्वास और अपनत्व व्यक्त किया। महिला पुलिसकर्मियों ने ग्रामीण महिलाओं और अन्य ग्रामवासियों को 'साइबर रक्षा सूत्र' बांधकर डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में करीब 600 साइबर रक्षा सूत्र बांधे गए।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में नक्सलवाद की समाप्ति के बाद बने सकारात्मक वातावरण के बीच ग्रामीणों द्वारा जवानों को राखी बांधना पुलिस और आम लोगों के बीच बढ़ते विश्वास और मजबूत होते संबंधों का प्रतीक बना। इस दौरान ग्राम के पटेल, पुजारी और सरपंच को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। ग्रामीणों ने भी पुलिसकर्मियों को उपहार देकर सम्मान व्यक्त किया। बच्चों को चॉकलेट और उपहार वितरित किए गए।
पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने बच्चों से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई और भविष्य के लक्ष्य के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें शिक्षा के प्रति गंभीर रहने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान करीब 500 ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। उन्हें ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने तथा फर्जी कॉल और ऑनलाइन ठगी के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी गई। साइबर जागरूकता अभियान से संबंधित क्यूआर कोड के साथ सेल्फी और सामूहिक तस्वीरें भी ली गईं।
इस अवसर पर पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई। कोंडागांव पुलिस ने लोगों से रक्षाबंधन पर रिश्तों की सुरक्षा के साथ डिजिटल सुरक्षा का भी संकल्प लेने तथा परिवार और गांव को साइबर अपराधों से सुरक्षित बनाने के लिए जागरूक रहने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित