बारां , अगस्त 21 -- राजस्थान में आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए भारतीय डाक विभाग द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए मुख्य डाकघर बारां में विशेष राखी बुकिंग काउंटर की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
यह विशेष सुविधा 23 अगस्त को सुबह साढ़े नौ बजे से सायं पांच बजे तक उपलब्ध रहेगी।
सहायक डाक अधीक्षक सतीश कुमार मीना ने शुक्रवार को बताया कि डाक विभाग द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर राखी एवं अन्य डाक सामग्री की बुकिंग के लिए विशेष व्यवस्था की गयी है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक अपने भाई-बहनों एवं प्रियजनों को समय पर राखी भेज सकें।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा देश की सीमा पर तैनात सैनिकों तक राखी पहुंचाने के उद्देश्य से राखी बुकिंग एवं प्रेषण की सुविधा भी उपलब्ध करायी जा रही है। डाक विभाग द्वारा राखी के लिए विशेष लिफाफे और 10 प्रतिशत छूट की सुविधा भी उपलब्ध करायी जा रही है। नागरिक मात्र 55 रुपये में राखी का लिफाफा भेज सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित