अलवर , अगस्त 27 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले में रक्षाबंधन त्योहार के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अरविंद गेट के दिशा-निर्देश में खाद्य सुरक्षा विभाग के दल ने ततारपुर चौराहा एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करके खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्था की जांच की गयी। दल ने मेसर्स बालाजी स्वीट्स एंड फास्ट फूड से दूध एवं चीनी से निर्मित कलाकंद, मेसर्स चौधरी मिष्ठान भंडार, ततारपुर चौराहा से मावा बर्फी और मैसर्स अंबिका मिष्ठान भंडार, छतरपुर गांव से डोडा बर्फी के नमूने लिये।

इन खाद्य नमूनों को जांच के लिए खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाये रखने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों की पालना करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित