धार , सितंबर 02 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की कुक्षी तहसील के ग्राम बड़ग्यार में नौवीं कक्षा के 13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्र का शव बुधवार सुबह गांव के एक खेत में नीम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना के समय छात्र स्कूल की यूनिफॉर्म में था। छात्र ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

जानकारी के अनुसार मृतक दीवान मोरी निसरपुर स्थित सीनियर बालक छात्रावास में रहकर सांदीपनी स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ता था। रक्षाबंधन की छुट्टियों में वह अपने गांव बड़ग्यार आया था। छात्रावास अधीक्षक रामसिंह बघेल और खंड शिक्षा अधिकारी हीरालाल निंग्वाल के अनुसार दीवान 31 अगस्त को स्कूल गया था, लेकिन इसके बाद छात्रावास नहीं लौटा। वह एक सितंबर की शाम सीधे अपने गांव पहुंचा था।

इसके बाद दो सितंबर की सुबह वह खेत की ओर गया, जहां उसका शव पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर कुक्षी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुक्षी सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।

मृतक के पिता धनराज मोरी किसान हैं और रतौंधी से पीड़ित बताए गए हैं। दीवान का एक बड़ा भाई और दो बहनें हैं, जो इंदौर में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। कुक्षी पुलिस ने मामला जांच में लिया है। पुलिस छात्र की मानसिक स्थिति, स्कूल और छात्रावास से जुड़े संभावित कारणों सहित विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित